[1]
चारु चंद्र की चंचल किरणें
खेल रही हैं जल-थल में,
स्वच्छ चाँदनी बिछी हुई है
अवनि और अंबरतल में।
पुलक प्रकट करती है धरती
हरित तृणों की नोंकों से,
मानो झीम रहे हैं तरु भी
मंद पवन के झोंकों से॥
[6]
“क्या ही स्वच्छ चाँदनी है यह,
है क्या ही निस्तब्ध निशा;
है स्वच्छंद सुमंद गंधवह,
निरानंद है कौन दिशा?
बंद नहीं, अब भी चलते हैं,
नियति-नटी के कार्य-कलाप,
पर कितने एकांत भाव से,
कितने शांत और चुपचाप!
[7]
है बिखेर देती वसुंधरा
मोती, सबके सोने पर,
रवि बटोर लेता है उनको
सदा सबेरा होने पर।
और विरामदायिनी अपनी
संध्या को दे जाता है,
शून्य श्याम-तनु जिससे उसका
नया रूप छलकाता है।
[8]
सरल तरल जिन तुहिन कणों से
हँसती हर्षित होती है;
अति आत्मीया प्रकृति हमारे
साथ उन्हीं से रोती है!
अनजानी भूलों पर भी वह
अदय दण्ड तो देती है,
पर बूढ़ों को भी बच्चों-सा
सदय भाव से सेती है॥
[15]
करते हैं हम पतित जनों में
बहुधा पशुता का आरोप,
करता है पशु वर्ग किंतु क्या
निज निसर्ग नियमों का लोप?
मैं मनुष्यता को सुरत्व की
जननी भी कह सकता हूँ,
किंतु पतित को पशु कहना भी
कभी नहीं सह सकता हूँ॥
[17]
गोदावरी नदी का तट यह
ताल दे रहा है अब भी,
चंचल-जल कल-कल कर मानो
तान ले रहा है अब भी!
नाच रहे हैं अब भी पत्ते,
मन-से सुमन महकते हैं,
चंद्र और नक्षत्र ललककर
लालच भरे लहकते हैं॥
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें