Translate

ममता कालिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ममता कालिया लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 18 सितंबर 2014

गुस्सा (Gussa by Mamta Kalia)

उसने हैरानी से मुझे देखा 
'मैं तो मज़ाक कर रहा था 
तुम इतनी नाराज़ क्यों हो गयीं ?'
मैं उसे कैसे बताती 
यह गुस्सा आज और अभी का नहीं 
इसमें बहुत सा पुराना गुस्सा भी शामिल है 
एक सन तिरासी का एक तिरानवे का 
एक दो हज़ार दो का 
और एक यह आज का 


कवयित्री - ममता कालिया 
किताब - ममता कालिया : पचास कविताएँ, नयी सदी के लिए चयन 
प्रकाशक - वाणी प्रकाशन, दिल्ली, 2012 



शुक्रवार, 7 मार्च 2014

शल्यक्रिया (Shalyakriya by Mamta Kalia)


मोह की यह फाँस 
अक्सर बहुत जाती आँस 
एक झटके में निकाली फेंक 
हो गयी मैं अब 
पुनः आजाद 


कवयित्री - ममता कालिया   
किताब - ममता कालिया : पचास कविताएँ, नयी सदी के लिए चयन  प्रकाशक - वाणी प्रकाशन, दिल्ली, 2012

बुधवार, 18 सितंबर 2013

जीवन बीता चम्मच चम्मच (Jeevan beeta chammach chammach by Mamta Kalia)


पढ़ा लिखा कुछ काम न आया 
जीवन बीता चम्मच चम्मच 
सोच विचार विमर्श त्याग कर 
जीवन रीता चम्मच चम्मच

बालम ने बहकाया हमको 
चूल्हे ने दहकाया हमको 
निभी नौकरी लश्टम पश्टम 
समय सारिणी भारी भरकम 
खड़ी कतारें कर्तव्यों की 
सुख और हक़ के लट्टू मद्धम 
कब हम जीते कब हम हारे 
कौन हिसाब रखे सरपंचम 

अब हमने सिर तान लिया है 
मन में निश्चय ठान लिया है 
अपनी मर्ज़ी आप जियेंगे 
जीवन की रसधार पियेंगे 
कलश उठाकर, ओक लगाकर 
नहीं चाहिए हमें कृपाएँ 
करछुल करछुल चम्मच चम्मच l



कवयित्री - ममता कालिया 
किताब - ममता कालिया : पचास कविताएँ, नयी सदी के लिए चयन  प्रकाशक - वाणी प्रकाशन, दिल्ली, 2012

मंगलवार, 11 जून 2013

अव्यवस्था (Avyavastha by Mamta Kalia)


देखो -
मेरे मन के ड्राअर में 
तुम्हारी स्मृति के पृष्ठ,
कुछ बिखर से गये हैं !
समय के हाथों से 
कुछ छितर से गये हैं !
आओ -
तनिक इन्हें सँवार दो,
तनिक सा दुलार दो,
और फिर जतन से सहेज कर -
अपने विश्वास के आलपिन में बद्ध कर,
प्यार के पेपरवेट से 
तनिक सा दबा दो !


कवयित्री - ममता कालिया 
किताब - ममता कालिया : पचास कविताएँ, नयी सदी के लिए चयन 
प्रकाशक - वाणी प्रकाशन, दिल्ली, 2012