Translate

रविवार, 5 जुलाई 2026

कर्णाभूषण (Earrings by Purwa Bharadwaj)

मुझे कर्णाभूषण पसंद हैं। शब्द सुनते ही लगता है कान में पहननेवाले स्वर्णाभूषण - सोने के आभूषण। लेकिन मेरे पास दो-चार छोड़कर ज़्यादातर मिट्टी, लकड़ी, ताँबे, पीतल, धागे, मोती आदि के कर्णाभूषण हैं। लोग कहते हैं कि सोना पहनो तो कान पकता नहीं है, मगर मेरा हमेशा पक जाता रहा है। खासकर tops पहनो तो। उसकी तल्ली चाहे सोने की हो या चाँदी की, चाहे चूड़ी वाला पेंच हो या सीधे दबानेवाली तल्ली हो, पक्का है कि मेरा कान पक जाएगा। आलस में या बनने-ठनने के चक्कर में यदि मैंने उसे चार-पाँच दिन पहने रखा तो शर्तिया कान की लौ सूज जाएगी और मवाद आने लगेगा। इसका तोड़ है हुक वाला कर्णाभूषण जो दबाता नहीं है। इसने कान पकने की आफ़त से मुझे छुटकारा दिला दिया है।

अब दूसरी परेशानी खड़ी हो गई है। मेरे हुक वाले कर्णाभूषण अक्सर गुम हो जाते हैं, वो भी एक। वजह है कि शौक के मारे भारी-भरकम हुक वाले कर्णाभूषण पहनती रही और धीरे-धीरे कान का छेद काफ़ी बड़ा हो गया जिससे एक न एक कान से कर्णाभूषण फिसल जाता है। उनको लेकर सावधान रहने लगी हूँ, फिर भी यह दुर्घटना घट ही जाती है। कर्णाभूषण के वज़नदार होने का बोझ आखिर कान बेचारा कितना सहे! कइयों ने कहा कि कान में टाँका लगवा लो यानी उसे सिलवा लो। तोबा तोबा ! बचपन में माँ ने मेरा कान छिदवा दिया था और मैंने भी बेटी का छिदवा दिया था, लेकिन अब यह गवारा नहीं। जब बेटी ने दो-चार और छेद करवाए थे तब भी मैं गनगना गई थी। इसलिए अपने कान के छेद की मरम्मत करवाने से रही मैं ! बावजूद इसके मेरा कर्णाभूषण प्रेम बरकरार है।

एक बार का किस्सा सुनाती हूँ। अपूर्व शांति निकेतन गए थे। वहाँ वे एक दुकान पर गए जहाँ चाँदी के आभूषण थे। उन्होंने मेरे लिए उपहार देखना शुरू किया। जो पसंद आया वह एक-डेढ़ हज़ार का कर्णाभूषण था। यह बात तकरीबन 15-17 साल पुरानी होगी। मतलब अभी की तरह चाँदी में आग नहीं लगी थी, फिर भी महँगा था। अपूर्व ने मुझे वहीं से फ़ोन पर हँसते हुए सुनाया कि मैं आगे बढ़ गया यह कहते हुए कि मेरी बीवी का कान ऐसे ही सुंदर है, ऐसे कर्णाभूषण की ज़रूरत नहीं :) बाद में बगल की किसी दुकान से वे 80 रुपए में नारियल के खोल से बना एक  कर्णाभूषण लेकर आए। बड़ा अलग-सा था। आकार में बड़ा और एकदम हल्का। अभी भी मैं उसे पहनती हूँ और हर बार मुस्कुराती हूँ वह प्रसंग याद कर।

कई बार मुझे ‘फट पड़े वो सोना जिससे टूटें कान’ लेख याद आ जाता है जिसकी लेखिका थीं आलिया बेगम बिन्त मुजीब अहमद तमन्नाई और जो 1911 में ‘ख़ातून’ में छपा था। इसकी झलक देखिए -

अगरचे कानों को छेदकर उनमें ज़ेवर लादने का दस्तूर उठ चला है, मगर फिर भी अक्सर बहनें बावजूद तालीमयाफ़्ता होने के पुरानी लकीर की फ़क़ीर बनी रहती हैं और हद से ज़्यादा ज़ेवर में लदे हुए कानों पर निहायत फ़ख़्र करती हैं।

वे कानों में इस क़दर जे़वर लाद लेती है कि बेचारे कमज़ोर व क़ाबिले रहम कान इस क़दर भारी ज़ेवर का वज़न नहीं सहार सकते और ज़ेवर के बोझ से बिल्कुल झुक जाते हैं। जो निहायत बदनुमा मालूम होते हैं। देखने वालों को ये मालूम होता है कि अब कोई दम में वज़न के मारे कान टूट के गिर पड़ेंगे।

हाथ, पाँव, गले में जितना जी चाहे ज़ेवर पहनें, उसका कुछ मुज़ायक़ा नहीं है, मगर कानों में उनकी बिसात से बढ़कर ज़ेवर पहनना सरासर बेरहमी, वहशीपन की अलामत और नन्हीं सी जान पर सख़्त ज़ुल्म करना है। इनकी हैसियत इस क़ाबिल नहीं है कि इन पर हद से ज़्यादा जे़वर लादा जाए। बल्कि इनको इनकी बिसात के माफ़िक़ जे़वर ही ज़ेब देता है।

जिस तरह तस्वीरों में वहशी क़ौम की औरतों को तांबे, लोहे, लकड़ी वग़ैरह के जे़वर पहने हुए देखा है, उसी तरह हमारे यहाँ भी जे़वर इज़्ज़त की निगाह से देखा जाता है। ख़ुसूसन हमारे मुल्क की मस्तूरात तो माशाअल्लाह ज़ेवर में सिर से पाँवों तक लदी रहती हैं। वो सबसे ज़्यादा ज़ुल्म कानों ही पर रवाँ करती हैं, चाहे घर में और जे़वर न पहनें मगर कानों को किसी हालत में नंगा रखना गवारा नहीं करतीं। घर में हों या बाहर कान हर वक़्त ज़ेवर में लदे हुए नज़र आते हैं।

हालाँकि कान तमाम जिस्म में सबसे छोटे होते हैं। इस हालत पर भी इनमें बालियाँ, पत्ते और और क़िस्म का ज़ेवर पहनना फ़र्ज़ समझा जाता है। अगर खु़दा ना ख़्वास्ता किसी को सोने चाँदी का ज़ेवर मयस्सर न हुआ तो जर्मन सिल्वर वग़ैरह ही का ज़ेवर सही, मगर पहनेंगी ज़रूर। 

ग़रज़ सबसे ज़्यादा क़ाबिले रहम हमारे मुल्क की मस्तूरात ही के कान होते हैं। यहाँ नंगे कान रखना बहुत बड़ा ऐब और बदशगुनी समझी जाती है और अगर कोई बीबी कभी भूले बिसरे कानों में ज़ेवर पहने बग़ैर किसी महफ़िल में शरीक हो जाती है तो इस पर चारों तरफ़ से अंगुश्तनुमाई होने लगती है। सब औरतें उसकी जान को आ जाती हैं और वो अंगे्रज़ी ख़यालात की औरत तसव्वुर की जाती है। उसको इस क़दर शर्मिंदगी उठानी पड़ती है कि फिर कभी भूले से भी कानों में जे़वर पहने बग़ैर किसी महफ़िल में जाने का नाम नहीं लेती। हाँ, जिसके कान ज़ेवर में लदे हुए हों उसकी बड़ी इज़्ज़त और तारीफ़ की जाती है।

2015 में रसचक्र की तरफ़ से जब हम पाठात्मक प्रस्तुति की तैयारी शुरू करने जा रहे थे तब इस लेख को हमने शामिल किया था। 2016 में हम ख़वातीन  नाम से लगभग 100 साल पुरानी मुसलमान औरतों की गैर-कथात्मक रचनाओं की प्रस्तुति हुई थी और उसमें दर्शकों-श्रोताओं को ‘फट पड़े वो सोना जिससे टूटें कान’ याद रह गया था। क्यों न हो ? रिज़वाना ने इसका बहुत अच्छा पाठ किया था। लोगों को खूब मज़ा आया था, पाठ के दौरान हँसी का फ़व्वारा छूट रहा था। यह लेख 19 वीं सदी में औरत के बाहरी रंग-रूप को किस तरह नए साँचे में ढाला जा रहा था, इसकी बात करता है। धर्म की पहचान के साथ औरत अपना औरतपना न छोड़ दे - इसका खतरा हर वक्त सर पर सवार था। पितृसत्तात्मक समाज के ढाँचे को बिना हिलाए-डुलाए यह लेख माहौल में हौले हौले बदलाव की बात करता है। दिलचस्प यह था कि कान के ज़ेवर की बात आज भी वहीं थी।

मुझे याद है कि जब हम ख़वातीन  की प्रस्तुति के लिए न्यूनतम ही सही, पर कॉस्टयूम और शृंगार की बात आई थी तो कान के हल्के आभूषण की खोज हुई थी। उस समय मेरा मोतियों का झुमका काम आया था। वैसे यह अंगूर के दानों के गुच्छे जैसा था, कायदे से पारंपरिक झुमके की बनावट से अलग। इसकी खासियत थी कि  यह हल्का था और लेखिका आलिया बेगम के मुताबिक कान की बिसात माफ़िक ही था जिसे पहनने पर कान लटकते नहीं। भारी होने और लेखिका की बात पर अमल न करने के तर्क के आधार पर हमने कई मोतियों के झुमके को खारिज़ कर दिया था। कान की नन्हीं सी जान पर जुल्म नहीं करना था हमें। ऊपर से मेरा झुमकानुमा आभूषण नकली मोतियों का था तो उसके लिए विशेष हिफ़ाज़त की दरकार भी नहीं थी। अभी याद कर रही हूँ कि उसे खरीदा कहाँ से था तो याद नहीं आ रहा। शायद घर के करीब कमला नगर के फुटपाथ से या उदयपुर के बाज़ार से या जयपुर की बड़ी चौपड़ से।

बहरहाल, बाद के दिनों में उस झुमकानुमा आभूषण को मैंने प्रस्तुति के लिए सहेजकर अलग रख दिया था। बीच में वह मिला ही नहीं और जब मिला तो पाया कि उसके मोती आपस में उलझ गए हैं। एकाध बार सुलझाने के क्रम में एक-दो मोती छिटक गए। मुझे लगा कि वज़न के कारण तो नहीं, मगर टूट-फूट के कारण अब वे बदनुमा लगेंगे। तब भी इधर कई सालों बाद मैंने फिर उसे पहनना शुरू किया है क्योंकि ज़माने से वह प्रस्तुति हुई नहीं है।

इधर मेरा खजाना तेज़ी से खाली हो गया है। हाँ जी, मेरी कर्णाभूषण पेटिका है - ढेर सारे खाने वाला आयताकार प्लास्टिक का डब्बा। अपूर्व के सुझाव पर ही मैंने इसे खरीदा था क्योंकि घर में यहाँ-वहाँ पड़े रहने वाले कर्णाभूषण से वे भी परेशान हो जाते थे। मैं कहीं बाहर से आकर पहला काम करती हूँ उसे उतारना। फिर भूल जाती हूँ कि कहाँ रखा और ढूँढती फिरती हूँ। यह समस्या अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, मगर कम हो गई है। अब एक निश्चित ठिकाना है कर्णाभूषण पेटिका, जिसे कम से कम हफ्ते भर में एक बार सँभाल देती हूँ। उसमें नई आमद कम है। दूसरा दुख यह है कि उसके चार खानों में टूटा और खो जाने के कारण अवशेष मात्र बचा एक एक  कर्णाभूषण पड़ा मेरा मुँह चिढ़ा रहा है। मोह के मारे मैंने उन्हें फेंका नहीं है। क्या पता किस्मत से कोई बिछुड़ा हुआ मिल जाए!

मेरी किस्मत बुरी नहीं है। कई बार भूले-भटके किसी कर्णाभूषण का जोड़ा घर के अलग अलग कोनों में मिल जाता है। कई बार दोस्त-परिचित ध्यान दिला देते हैं कि देखो अब फिसला तो तब फिसला, सँभाल लो। एक बार मैं एक जगह गई और आधे घंटे बाद कान पर हाथ गया तो एक नदारद था। मैं भागकर लिफ़्ट के पास गई। दसवीं मंज़िल पर लिफ़्ट के बाहर गुमशुदा मिल गया, हालाँकि उसका एक नग गिर गया था। मैंने दूसरे वाले का भी एक नग और एक लटकन निकाल कर दोनों को बराबर कर लिया और दबने से थोड़े टेढ़े हो गए उस बैंगनी चाँदी के कर्णाभूषण को अभी भी पहनती हूँ। अम्मी ने चाव से उसे मेरे लिए चंडीगढ़ से लिया था।

अब नई लटकन-फटकन चाहिए। जाकर तलाशना है, हल्के और नए डिज़ाइन के। अपूर्व को कहा तो मुस्कुरा कर बोले चलो चलकर तुम्हारे लिए गहना खरीदते हैं, जनपथ पर। मैंने उनको ताना दिया कि अम्मी रहतीं तो आपको डाँट लगातीं। उनको मेरा 'अंट शंट' पहनना कतई पसंद नहीं था। हीरा, सोना या चाँदी उनके लिए ही नहीं, बहुतों के लिए सौभाग्य की निशानी है। अब सब पहुँच से दूर हैं। इस बार उड़ीसा में फ़िलिग्री के चाँदी के कर्णाभूषण देखकर बिना खरीदे लौट आई। लकड़ी और दूसरे धातुओं के कर्णाभूषण खोजने हैं जो बहुत चमकदार और भड़कीले न हों। नकली हो, पर नकली न लगे - यह चाह कितनी अटपटी है!

 

 

 

 

 


सोमवार, 30 मार्च 2026

ज़ौक़ की रुबाइयाँ (ZAUQ)

क्या फ़ायदा फ़िक्रे-बेशो-कम से होगा 

हम क्या हैं जो कोई काम हम से होगा 

जो कुछ कि हुआ हुआ 'करम' से तेरे 

जो कुछ होगा तेरे करम से होगा 


दिल को सरे-बाज़ारे-जहां कर न उचाट 

जिस तरह बने सूदो-ज़ियां में दिन काट 

ऐ 'ज़ौक़' फ़लक के जब हैं बारह हिस्से 

सौदा न हो क्यों ज़ेरे-फ़लक बारह-बाट 


आंख उसकी नशे में जब गुलाबी हो जाय 

सूफ़ी उसे देखे तो शराबी हो जाय 

दिखलाये जो वह रूए-किताबी ऐ 'ज़ौक़'

सब मदरसा काफ़िरे-किताबी हो जाय 


जिन दांतों से हंसते थे हमेशा खिल-खिल 

अब दर्द से हैं वही रुलाते हिल-हिल 

पीरी में कहां अब वे जवानी के मज़े 

ऐ 'ज़ौक़' बुढ़ापे से हैं दांता-किल-किल 


करम = कृपा                               सूदो-ज़ियां = हानि-लाभ       

रूए-किताबी = किताबी चेहरा       पीरी = बुढ़ापा 


शायर : ज़ौक़ 

संकलन : ज़ौक़ (प्रकाश पंडित द्वारा संपादित लोकप्रिय शायर और उनकी शायरी शृंखला, नया संस्करण)

सह-संपादन : सुरेश सलिल 

प्रकाशन : राजपाल एण्ड सन्ज़, दिल्ली, 2017 

 

गुरुवार, 1 जनवरी 2026

पुन्निका-ब्राह्मण संवाद (Punnika-brahman dialogue by Punnika Theri)


श्रावस्ती के धनी सेठ अनाथपिंडक के घर में पुन्निका काम करती थीं। कहा जाता है कि एक दिन पानी लाने जाते हुए रास्ते में बुद्ध के उपदेश पुन्निका के कानों में पड़े। बुद्ध कहते हैं कि निडरता और प्रश्न पूछना ही जीवन जीने का सही तरीका है। एक दिन की बात है पुन्निका पानी लाने नदी पर गईं तो उन्होंने एक ब्राह्मण को पानी में खड़े होकर स्नान-ध्यान करते हुए पाया। उसका नाम उदकसुद्धिका बताया जाता है। वे उस ब्राह्मण से पूछती हैं - 


मैं पानी ढोती हूँ

जब ठंढ होती है तब भी

मैं हमेशा पानी में उतरती हूँ

अपनी मालकिनों की मार के डर से

उनके क्रोध और कुवचन से परेशान

लेकिन अरे ब्राह्मण, तुम्हें क्या डर

कि तुम हमेशा पानी की तरफ़ जाते हो,

कँपकँपाते हाड़ के साथ,

खूब ठंड से डरते हुए?


ब्राह्मण जवाब देता है -

हालाँकि तुम मुझे जानती हो पुन्निका

फिर भी पूछती हो मैं क्यों

निपुणता वाला यह कार्य कर रहा हूँ,

जो बुरे कर्म किए हैं, उनके फल से बचने के लिए।

कोई भी जो बुरा कर्म करता है

चाहे बूढ़ा हो या जवान

उस बुरे कर्म के परिणाम से मुक्त हो जाता है

जल में उन्हें धो लेने से।

पुन्निका फिर सवाल करती हैं -

किसने तुमसे कहा

एक अबोध (कुछ न जानने वाले) जैसे दूसरे अबोध (कुछ न जाननेवाले) को बताता हो

कि किसी बुरे काम के परिणाम से कोई बच जाता है

जल में धो लेने से?
... ... ... 

तो क्या मेंढक और कछुए

सब स्वर्ग को जाएँगे?

और बिसख़ोपड़े और मगरमच्छ,

और जो कुछ भी पानी में रहता हो?... 



कवयित्री - पुन्निका थेरी 
संकलन - इतिहास रचती आवाज़ें 
अंग्रेज़ी से हिन्दी अनुवाद - अपूर्वानंद 
प्रकाशन - निरंतर ट्रस्ट, दिल्ली 

मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

बोलने में कम से कम बोलूँ (Bolane mein kam se kam bolun by Vinod Kumar Shukla)


बोलने में कम से कम बोलूँ 

कभी बोलूँ, अधिकतम न बोलूँ 

इतना कम कि किसी दिन एक बात 

बार-बार बोलूँ 

जैसे कोयल की बार-बार की कूक फिर चुप। 


मेरे अधिकतम चुप को सब जान लें 

जो कहा नहीं गया, सब कह दिया गया का चुप। 

पहाड़, आकाश, सूर्य, चन्द्रमा के बरक्स 

एक छोटा सा टिमटिमाता 

मेरा भी शाश्वत छोटा सा चुप.। 


गलत पर घात लगाकर हमला करने के सन्नाटे में 

मेरा एक चुप - 

चलने के पहले एक बन्दूक का चुप 

और बन्दूक जो कभी नहीं चली 

इतनी शान्ति का 

हमेशा की मेरी उम्मीद का चुप। 


बरगद के विशाल एकान्त के नीचे 

सम्हाल कर रखा हुआ 

जलते दीये का चुप। 


भीड़ के हल्ले में 

कुचलने से बचा यह मेरा चुप,

अपनों के जुलूस में बोलूँ 

कि बोलने को सम्हाल कर रखूँ का चुप। 


कवि - विनोदकुमार शुक्ल 

संकलन - कभी के बाद अभी 

प्रकाशन - राजकमल प्रकाशन, दिल्ली, 2012 

मंगलवार, 23 दिसंबर 2025

लड़की हरे भरे पेड़ देखती है (Ladki Hare Bhare Ped Dekhati Hai by Vinod Kumar Shukla)

लड़की हरे भरे पेड़ देखती है 

तो उसे आकाश दिख जाता है। 

ऊंचे ऊंचे मिले जुले मकान देखती है 

तो आकाश दिख जाता है। 

लड़की चाहे पेड़ न देखे 

पेड़ पर बैठी चिड़िया देखे 

उसे आकाश दिख जाता है। 

घर की खिड़की घंटों बंद रखे 

बस थोड़ी सी खोले 

या भूल से 

सड़क पर निकल आये 

दांये जाये या बांये 

उसे आकाश दिख जाता है। 


लड़की बहुत परेशान है। 

                                - 1964 


कवि - विनोदकुमार शुक्ल 

संकलन - वह आदमी नया गरम कोट पहिनकर चला गया विचार की तरह 

प्रकाशन - आधार प्रकाशन, पंचकूला, 1996 (प्रथम संस्करण 1981)

शनिवार, 1 नवंबर 2025

खुश होऊँ क्या ! नाखुश भी क्या !! (Khush houn kya by Ramgopal Sharma 'Rudra')


खुश होऊँ क्या ! नाखुश भी क्या !!


फिर आज गगन भर आया है,

स्वाती का मन ढर आया है;

पर कौन करे स्वागत इनका ?

पिंजड़े का बोल पराया है!

पथराई आँखों को घन क्या,

बिजली क्या, इंद्रधनुष भी क्या !!

 

जिनकी सुध ही से मोर मगन 

चलते थे नाच किये बन-बन ,

जब टूट गए नुपुर के सुर,

तब आए तो क्या आए घन ! 

पंखिल चाँदों की पतझड़ को

दल क्या, दूर्वा क्या, कुछ भी क्या !!



कवि - रामगोपाल शर्मा 'रुद्र'
किताब - रुद्र समग्र में संकलित '
मूर्च्छना' संग्रह से 
संपादक - नंदकिशोर नवल
प्रकाशक - राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली, 1991

 

 


गुरुवार, 2 अक्टूबर 2025

मुझे अपने बूट दो (Mourid Barghouti's poem 'Give me your boots' translated into Hindi)


मुझे अपने बूट दो
मुझे अपनी बेल्ट दो
मुझे अपना ख़ाली फ़्लास्क दो
मुझे पसीने से लथपथ अपने मोज़े दो
अपनी प्रेमिका को लिखे अपने ख़त का बाक़ी आधा पेज दो
मुझे लाल से भीगे अपने कपड़े दो
मुझे अपनी पिघली हुई मशीन गन दो
मुझे पानी आख़िरी नज़र दो, तुम्हारे आख़िरी शुबहे दो
तुम्हारी हिम्मत, तुम्हारा अनिश्चय, तुम्हारे अफ़सोस,
भाग निकलने की तुम्हारी क्षणिक इच्छा,
टिके रहने का तुम्हारा फ़ैसला,
दो मुझे तुम्हारी कंपकपाहट जब जहाज़ निशाना बनाता है तुम्हारे जिगरी को
दो मुझे तुम्हारे आँसू जो अनदेखे रह गए
दो मुझे शरणार्थी शिविर का अपना पता
मैं खोजूँगा बचे हुए मकान
बचे हुए लोग
तुम्हारे परिवार के बाक़ी लोग
मैं उन्हें बताऊँगा कि तुम कितने अकेले थे
मैं उनसे तुम्हारे बारे में बात करूँगा
मैं उन्हें तुम्हारा आसरा सामान दूँगा
अगर वे क़त्लेआम में मारे नहीं गए हों

मृत शरीरों का ढेर
दिलों का ढेर
मलबे का ढेर
आकांक्षाओं का ढेर
गर्द का ढेर
सपनों का ढेर
जलकर राख हुई औरतों, बच्चों, बूढ़ों का ढेर
उस घोड़े की मृत देह जो पानी पीने की कोशिश कर रहा था,
छतों का ढेर,
खो गए पुराने रिश्तेदारों का ढेर
बच्चों की चड्ढियों का ढेर
इस मलबे में बच्चे की देह कहाँ है?

माँ कहाँ है
जिसने उसका नाम चुना, उसके पहले हफ़्ते का जन्मदिन मनाया
और उसे अपने दूध से चुप कराया?
रसोई के बर्तनों का ढेर

ख़ाक कर दी गई ख़ुशियों का ढेर
निर्माण के लिए लोहे की छड़ें
पिछवाड़े में एक सैंडल
वह औरत कहाँ है जिसने इसका साइज़, रंग और डिज़ाइन तय किया था
दुकान दुकान मोलभाव करके?
वह अहाते में गिरी और उसकी सैंडल आसमान की तरफ़ उछली ।
चीख़ों का एक ढेर
ख़ामोशी का एक ढेर
ढहे हुए मकानों का एक ढेर
कुर्सियों का एक ढेर
वह आदमी कहाँ है जिसने मेहमानों के लिए स्वागतभरी मुस्कुराहट के साथ दरवाज़ा खोला
और उन्हें खाने के बाद कॉफ़ी दी?
दवाओं का एक ढेर
वह नानी कहाँ है जो नातियों से पूछती थकती नहीं कि क्या वे रात के खाने के बाद ली जानेवाली दवाएँ हैं,
और हमेशा उसे वही जवाब मिला:
"हाँ! नानी, ये वही हैं जो तुम खाने के बाद लेती हो"
जाली हुई कॉपियों का एक ढेर
खिलौनों का एक ढेर
थकान का एक ढेर
रोष का एक ढेर
खजूरों का एक ढेर
सब के सब अब
मौत की
खामोशी के बूटे वाली सफ़ेद चादर से ढँके हुए


फ़िलिस्तीनी कवि : मुरीद बरगूती
अरबी से अंग्रेज़ी: रदवा अशूर (Radwa Ashour)
हिंदी अनुवाद : अपूर्वानंद
स्रोत : Midnight and Other poems Arc Publications, UK,2008